
22 से 24 नवम्बर तक ललपनिया, बोकारो में होगा आयोजन, उपायुक्त ने मुख्यमंत्री को तैयारियों की दी विस्तृत जानकारी
जोहार खबर टीम, बोकारो
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को “लुगू बुरु घांटाबाड़ी धोरोमगाढ़ राजकीय महोत्सव-2026” में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। यह महोत्सव 22 से 24 नवम्बर 2026 तक बोकारो के टी०टी०पी०एस० ललपनिया में आयोजित किया जाएगा। आयोजन समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में उनसे मुलाकात कर यह निमंत्रण सौंपा।
इस अवसर पर बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना भी उपस्थित थे। दोनों अधिकारियों ने संयुक्त रूप से मुख्यमंत्री को महोत्सव में सम्मिलित होने का आमंत्रण दिया।
मुलाकात के दौरान उपायुक्त अजय नाथ झा ने मुख्यमंत्री को राजकीय महोत्सव के आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने आयोजन की रूपरेखा और व्यवस्थाओं के बारे में मुख्यमंत्री को अवगत कराया। जानकारी सुनने के बाद मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने “लुगू बुरु घांटाबाड़ी धोरोमगाढ़ राजकीय महोत्सव” के सफल आयोजन के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।

प्रतिनिधिमंडल में अंतर्राष्ट्रीय संताल सरना धर्म महासम्मेलन आयोजन समिति के अध्यक्ष बबुली सोरेन तथा सदस्य लुदू मांझी भी शामिल रहे।
उल्लेखनीय है कि यह महोत्सव राजकीय स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। प्रशासन और आयोजन समिति की ओर से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।